गोंडा। कोरोना संक्रमण की रफ्तार तेजी से बढ़ रही है। रोज नए संक्रमित मिलने का सिलसिला जारी है। बृहस्पतिवार को स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय से संबद्ध बाबू ईश्वरशरण चिकित्सालय के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. पीडी गुप्ता समेत 11 लोगों की कोविड रिपोर्ट पॉजिटिव आई, जिसके साथ सक्रिय संक्रमितों की संख्या बढ़कर 52 पहुंच गई है। सीएमएस के कोरोना संक्रमित मिलने पर अस्पताल में सतर्कता बढ़ा दी गई है। सीएमएस कार्यालय को सैनिटाइज करने के बाद उनके संपर्क में आने वाले लोगों की कोरोना जांच कराई जाएगी।
रेलवे स्टेशन पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने 75 यात्रियों की कोरोना जांच करवाई, जिसमें चार लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। संक्रमितों में दो बलरामपुर, एक बहराइच और एक रेलयात्री गोंडा जनपद का है।
गाइडलाइन की अनदेखी बढ़ा रही चिंता
संक्रमण की रफ्तार तेजी से बढ़ने के बावजूद लोग लापरवाही बरत रहे हैं। कोरोना गाइडलाइन की अनदेखी चिंता बढ़ा रही है। बाजारों, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, पार्क आदि सार्वजनिक स्थानों की बात तो दूर अस्पताल में भी मरीजों की भीड़ बिना मास्क व सोशल डिस्टेंसिंग के उमड़ रही है। बृहस्पतिवार को जिला अस्पताल में सामान्य दिनों की तुलना में मरीजों की अधिक भीड़ पहुंची। यहां विभिन्न ओपीडी में करीब 1100 मरीज पहुंचे, जिसमें मात्र 70 लोगों की कोरोना जांच हुई। आठ लोग संक्रमित मिले। इसके बावजूद यहां मरीज और उनके परिजन बिना मास्क प्रवेश कर रहे हैं।
अस्पतालों में बिना मास्क लगाए व्यक्तियों को प्रवेश नहीं मिलेगा। सोशल डिस्टेंसिंग का पालन सख्ती से कराया जाएगा। जांच बढ़ाई जा रही है। कोरोनारोधी वैक्सीन की मांग की गई है।
- डॉ. रश्मि वर्मा, सीएमओ