गोंडा। पुलिस अधीक्षक ने बृहस्पतिवार की देर रात 15 निरीक्षकों के तबादले किए। इस फेरबदल में नगर कोतवाल रहे संजय कुमार गुप्ता, देहात कोतवाल महेंद्र कुमार सिंह व करनैलगंज कोतवाल चितवन कुमार समेत थानों पर तैनात 10 निरीक्षकों को हटाया गया है।
श्रावस्ती से गोंडा भेजे गए इंस्पेक्टर सुरेंद्र कुमार शर्मा को नगर कोतवाली का प्रभारी निरीक्षक बनाया गया है, जबकि बहराइच से गोंडा आए इंस्पेक्टर हेमंत कुमार को प्रभारी निरीक्षक करनैलगंज के पद पर तैनाती दी गई है। नगर कोतवाल रहे संजय गुप्ता को एसपी का वाचक बनाया गया है। हटाए गए सभी इंस्पेक्टर जिले में तैनाती के तीन साल पूरे कर चुके थे। लोकसभा चुनाव के मद्देनजर पिछले दिनों डीआईजी ने इन सभी का गैर जिला तबादला किया था। मगर दुर्गापूजा व दशहरा सकुशल निपटाने के इरादे से एसपी ने इन्हें नहीं हटाया था।
एसपी अंकित मित्तल ने बृहस्पतिवार को 15 निरीक्षकों के तबादले किए हैं। इसमें मनकापुर कोतवाली के अतिरिक्त निरीक्षक अनंत कुमार सिंह, थाना छपिया के अतिरिक्त निरीक्षक अशोक कुमार सिंह, थाना तरबगंज के अतिरिक्त निरीक्षक राम प्रकाश यादव, अपराध शाखा में तैनात रहे अभिनव प्रताप सिंह, निरीक्षक यातायात दिलीप कुमार सिंह, प्रभारी आयोग सेल रमेश सिंह रावत व खरगूपुर थाने में तैनात इंस्पेक्टर संतोष कुमार यादव को थाने से हटाकर पुलिस लाइन भेजा गया है।
नगर कोतवाल संजय कुमार गुप्ता, करनैलगंज कोतवाल चितवन कुमार व कोतवाल देहात रहे महेंद्र कुमार सिंह को भी हटा दिया गया है। इंस्पेक्टर हेमंत कुमार को पुलिस लाइन से करनैलगंज के प्रभारी निरीक्षक के पद पर भेजा गया है। सुरेंद्र कुमार शर्मा को कोतवाली नगर का नया प्रभारी निरीक्षक बनाया गया है। जबकि नगर कोतवाल रहे संजय गुप्ता पुलिस अधीक्षक के वाचक बनाए गए हैं। कटरा बाजार थाने के अतिरिक्त निरीक्षक संतोष कुमार यादव को अपराध शाखा में तैनाती दी गई है। पुलिस लाइन में तैनात राधेश्याम यादव को अतिरिक्त निरीक्षक थाना नवाबगंज व इंस्पेक्टर अरविंद कुमार को पुलिस लाइन से अतिरिक्त निरीक्षक थाना तरबगंज के पद पर भेजा गया है।