दुबिहा। करीमुद्दीनपुर थाना के असावर चौकी में तैनात एक सिपाही की पिटाई से युवक अचेत हो गया। इससे नाराज पखनपुरा गांव के युवकों ने शनिवार की रात पुलिस चौकी में हंगामा किया। कुर्सियां और कूलर आदि तोड़ दिए। युवक को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एसपी ने आरक्षी सौरभ पांडेय को निलंबित कर दिया है।अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण को जांच सौंपी है।
असावर पखनपुरा गांव के गोलू पांडेय और नीरज पांडेय रात नौ बजे पिकअप पर डीजे लेकर तेज आवाज में बजाते हुए जा रहे थे। पुलिस उनके डीजे वाहन को रोक लिया। इस पर कहासुनी हुई तो पुलिस ने डीजे लदे वाहन का चालान कर दिया। साथ ही दोनों को पकड़कर चौकी पर ले आई। चौकी में युवकों की पिटाई की गई। बुरी तरह पिटाई से गोलू अचेत हो गया।
पुलिसकर्मी उसे लेकर बलिया जिले के रसडा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। वहां प्राथमिक उपचार के बाद गाजीपुर जिला अस्पताल ले जाया गया। वहां उसे भर्ती किया गया है। भर्ती कराया। पुलिस के मुताबिक युवक की हालत ठीक है।
इसकी सूचना नीरज पांडेय ने फोन करके गांव वालों को दी लोग आगबबूला हो गए। बड़ी संख्या में ग्रामीण पुलिस चौकी पहुंचे और तोड़फोड़ करने लगे। कुर्सियां और कूलर आदि तोड़ दिया। थानाध्यक्ष करीमुद्दीनपुर शैलेष मिश्रा भी मौके पर पहुंच गए और घटना की जानकारी उच्चाधिकारियों को दी। मामले को संज्ञान में लेते हुए पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने सिपाही सौरभ कुमार पांडेय को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण से प्रकरण की जांच कर रिपोर्ट देने को कहा। कार्रवाई की जानकारी मिलने पर प्रदर्शनकारी शांत हुए।
रात में ही घटना की जानकारी होने पर चौकी असवार पर तैनात सिपाही सौरभ कुमार पांडेय तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। पुलिस चौकी में तोड़फोड़ की जानकारी नहीं है। फिलहाल एसपी ग्रामीण से प्रकरण की जांच कराई जा रही है। रिपोर्ट आने पर संबंधित दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।-ओमवीर सिंह, एसपी