जंगीपुर थाना क्षेत्र के नसीरपुर (नवपुरा) चौराहे पर सोमवार को दुल्लहपुर की ओर से आ रहे ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार युवक का बाया पैर कुचल गया। ग्रामीणों ने ट्रक चालक को पकड़ लिया लेकिन कुछ युवकों ने उसे भगा दिया। गंभीर रूप से घायल युवक का वाराणसी ट्रामा सेंटर में इलाज चल रहा है। नसीरपुर हंसराजपुर गांव निवासी रामकिशुन राजभर (35) अपने साले मुकेश राजभर के साथ बाइक से डीजल लेने नसीरपुर पेट्रोल पंप पर जा रहा था। इसी बीच गाजीपुर से दुल्लहपुर जा रहे ट्रक ने पीछे से धक्का मार दिया। हादसे में रामकिशुन राजभर सड़क पर गिर गया जबकि उसका साला मुकेश दूसरी तरफ जा गिरा। ट्रक का पिछला चक्का रामकिशुन के बाएं पैर को रौंदते हुए आगे बढ़ गया। ग्रामीणों ने ट्रक को पकड़ लिया और घायल रामकिशुन राजभर के साले मुकेश राजभर ने ट्रक की चाभी निकाल ली। इसके बाद नसीरपुर गांव के तरफ चार युवक पहुंचे और घायल युवक के साले मुकेश राजभर को मारने पीटने के साथ चाभी छीनकर ट्रक चालक को दे दिए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा। जहां डॉक्टरों ने घायल को उपचार के लिए वाराणसी रेफर कर दिया। इधर पुलिस ने अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्जकर छानबीन शुरू कर दी।