संवाद न्यूज एजेंसी
बारा। दिलदारनगर थाना क्षेत्र के रकसहां गांव निवासी एक युवक की कोलकाता में हुए सड़क दुर्घटना में मौत हो गई । वहीं हादसे में ग्राम प्रधान बारा का इकलौता पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गया। युवा पुत्र के मौत पर घर में कोहराम मच गया वहीं दूसरी ओर प्रधान के घर में पुत्र की सलामती की दुआएं होती रही।
ग्राम प्रधान बारा आजाद खान का परिवार कोलकाता में रहता है। उनका इकलौता पुत्र अजलान खान कोलकाता में पढ़ाई करता है। वहीं, रकसहां गांव निवासी तौकीर खान का पुत्र फरहान खान भी कोलकाता में ही रहता था। दोनों में दोस्ती थी। शनिवार को दोनों एक साथ बाइक से कहीं जा रहे थे। तभी मिनी बस ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दिया।
हादसे में फरहान की मौके पर ही मौत हो गई जबकि अजलान गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की जानकारी शनिवार की शाम जैसे ही दोनों के गांव पहुंची तो कोहराम मच गया। आनन फानन परिजन कोलकाता के लिए रवाना हो गए। रविवार की देर रात साढ़े दस बजे फरहान को कोलकाता स्थित कब्रिस्तान में ही सुपुर्द-ए- खाक कर दिया गया। वहीं ग्राम प्रधान बारा आजाद खान के पुत्र अजलान का इलाज कोलकाता स्थित अस्पताल में चल रहा है।