खानपुर थाना क्षेत्र के मढ़िया गांव में सोमवार की देर शाम अज्ञात हमलावरों ने सिवान में शौच के लिए गए युवक की लाठी-डंडे से पीटकर हत्या कर दी। सूचना पर पहुंची पुलिस हत्या के कारणों की तलाश के साथ ही परिजनों एवं ग्रामीणों से पूछताछ करने में जुटी हुई है। परिजनों के रोने बिलखने से ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।
गोपारा गांव निवासी देवेंद्र यादव (35) देर शाम करीब 8.30 बजे शौच करने के लिए मढ़िया गांव के सिवान में गए थे। वहां पहले से घात लगाए लाठी-डंडों से लैस अज्ञात हमलावरों ने युवक के ऊपर हमला कर दिया। हमलावर युवक को गंभीर रूप से घायल कर मौके से फरार हो गए। घायल की आवाज सुन ग्रामीण और परिवार के लोग घटनास्थल के तरफ दौड़ पड़े। परिजनों ने पुलिस को घटना की सूचना देने के साथ ही घायल को उपचार के लिए सीएचसी सैदपुर लेकर लेकर आए। जहां डाक्टरों ने युवक को मृत घोषित कर दिया। जानकारी मिलते ही थानाध्यक्ष संजय मिश्रा पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और परिजनों से पूछताछ की। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हत्या किन कारणों से हुई है। पुलिस इसकी तलाश करने में जुटी हुई है। थानाध्यक्ष संजय मिश्रा ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। हत्या के कारणों की भी तलाश की जा रही है।