थाना क्षेत्र के मुबारकपुर खेदू गांव के पास बृहस्पतिवार की देर शाम बोलेरो की टक्कर से गंभीर रूप से घायल युवक की शुक्रवार को मऊ के निजी अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। अस्पताल से शव लेकर परिजन थाना पहुंचे और बोलेरो चालक के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग करने लगे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लेकर लिए भेज दिया। कोतवाली थाना क्षेत्र के गेहूड़ी़ गांव निवासी इरफान शाह (18) साइकिल से कासिमाबाद बाजार गया था। बाजार से सामान खरीदने के बाद देर शाम वह घर वापस आ रहा था कि थाना क्षेत्र के मुबारकपुर खेदू गांव के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार बोलेरो ने टक्कर मार दी। हादसे में घायल इरफान शाह को परिजनों ने मऊ के निजी अस्पताल में भर्ती कराया। इलाज के दौरान इरफान की मौत हो गई। इरफान की मौत के बाद परिजन शव को कासिमाबाद थाने ले आए और चालक अवधेश चौहान के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने इरफान खान के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने बताया कि मृतक इरफान शाह की मां की तहरीर पर मुकदमा दर्जकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। चालक को शीघ्र गिरफ्तार कर लिया जाएगा।