गाजीपुर। चार दिनों से हो रही बारिश से मौसम में बदलाव महसूस किया जा रहा है। लोगों को उमस से राहत मिली है। रविवार की शाम सुहवल थाना क्षेत्र में बिजली गिरने से एक युवक की झुलसकर मौत हो गई, जबकि उसके पिता बाल-बाल बच गए। उधर, शनिवार की शाम हुई बारिश से दिलदारनगर थाना क्षेत्र के उसिया गांव में एक कच्चा मकान भर-भरभराकर गिर गया। मलबे में दबने से अधेड़ घायल हो गया।
कई दिनों से हो रही बारिश से नगर की जर्जर सड़कों पीरनगर, आरटीआई चौराहा, मिश्रबाजार, नवापुरा आदि जगहों पर गड्ढों में जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो गई है। इससे लोगों को आवागमन में परेशानी उठानी पड़ रही है। कृषि विज्ञान केंद्र पीजी कॉलेज के मौसम वैज्ञानिक कपिलदेव शर्मा ने बताया कि रविवार की शाम लगभग आधे घंटे में 9.5 मिमी बारिश हुई है।
सुहवल थाना क्षेत्र के गरूआ मकसूदपुर ग्राम पंचायत के पिपरा गांव में रविवार की शाम साढ़े चार बजे बिजली गिरने से पिता के सामने पुत्र की झुलसकर मौत हो गई। पिपरा गांव निवासी सुनील चौधरी (20) पिता संतोष चौधरी के साथ नाव चलाते थे। गंगा में मछलियां पकड़ने का भी काम करते थे। शाम साढ़े चार बजे गंगा किनारे से पिता-पुत्र घर आ रहे थे। इसी दौरान अचानक तेज आवाज के साथ बिजली गिरी। चपेट में आने से सुनील अचेत होकर गिर पड़ा। यह देख पिता चिखने-चिल्लाने लगे। आवाज सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और उपचार के लिए अस्पताल लेकर आए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। घटना में संतोष चौधरी बाल- बाल बच गए, लेकिन पुत्र की मौत हो गई। युवक के मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। सुहवल थानाध्यक्ष राजेश त्रिपाठी ने बताया कि मामला संज्ञान में है। शव का पंचनामा कर विधिक कार्रवाई की जा रही है। सेवराई : दिलदारनगर थाना क्षेत्र के उसिया गांव में चंद्रराम अपने घर में सोए थे। लगातार बारिश होने के कारण उनका कच्चा मकान कमजोर हो गया था। शनिवार रात अचानक कच्चा मकान गिर गया। मलबे में चंद्रराम दब गए। उनकी चीख-पुकार सुनकर मौके पर पड़ोसी पहुंचे। सूचना मिलने पर उनका पुत्र भूटन राम व ग्राम प्रधान शब्स तबरेज खान उर्फ पिंटू भी पहुंचे। घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया। लेखपाल जीतलाल यादव व कानूनगो राकेश राय ने कहा कि नियमानुसार पीड़ित को मुआवजा दिलवाया जाएगा।
अंडरपास में चार फीट तक जलभराव
औड़िहार। बारिश के कारण औड़िहार-गौबीपुर अंडरपास में चार फीट से अधिक पानी इकट्ठा हो गया है। इसी जलभराव के बीच लोग आवागमन कर रहे हैं। ऐसे में हादसा होने की संभावना बनी हुई है। 300 मीटर लंबे अंडरपास से होकर प्रतिदिन एक हजार लोग आवागमन करते हैं। जलभराव के कारण अंडरपास की पिच उखड़ गई है। इसके कारण गड्ढे बन गए हैं। गड्ढों के कारण लोग गिरकर चोटिल होते रहते हैं। संवाद
बिजली गिरने से जला ट्रांसफाॅर्मर
गाजीपुर। रौजा स्थित पावर हाउस का 10 एमबीए का ट्रांसफाॅर्मर बिजली गिरने के कारण जल गया। इस कारण रौजा, फुल्लनपुर, रजदेपुर देहाती, कठवामोड़, तलिया, खालिसपुर, घाट स्टेशन आदि जगहों पर दूसरे ट्रांसफाॅर्मर के जरिए शिफ्टवार बिजली आपूर्ति की जा रही है। संवाद
आठ घंटे बाधित रही बिजली आपूर्ति
नंदगंज। पावर हाउस पर सादात से आने वाली 33 हजार मेन तार के सिरगीथा के गोकुलपुरा गांव में इंसुलेटर पर बिजली गिरने से शनिवार को 3 बजे ब्रेक डाउन हो गया। इससे क्षेत्र में आठ घंटे बिजली आपूर्ति बाधित रही। रात 11 बजे इंसुलेटर को ठीक करके बिजली आपूर्ति बहाल की गई। जेई पंकज रावत ने कहा कि तेज हवा व बिजली गिरने से इंसुलेटर खराब हो गया था। इससे बिजली आपूर्ति बाधित हो गई थी। संवाद