संवाद न्यूज एजेंसी
गाजीपुर। शहर कोतवाली के गाजीपुर घाट स्टेशन के पास शुक्रवार की दोपहर ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घायल को उपचार के लिए जिला अस्पताल लाया गया जहां से डॉक्टरों ने उसे ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया।
कासिमाबाद कोतवाली के बड़ौदा गांव निवासी साधू पासवान (28) अपने मित्र के साथ बाइक से कहीं जा रहा था। गाजीपुर घाट स्टेशन के पास दोनों तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आकर सड़क पर गिर पड़े। हादसे में मौके पर ही साधू पासवान की मौत हो गई। हादसे के बाद आस-पास के लोगों की भीड़ लग गई।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया और परिजनों को घटना की जानकारी दी। घायल को उपचार के बाद डॉक्टरों ने ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया। इस संबंध में कोतवाल तेज बहादुर सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्जकर ट्रक की तलाश शुरू कर दी गई है।