परिजनों के रोने- बिलखने से मची चीख- पुकार
संवाद न्यूज एजेंसी
सुहवल। थाना क्षेत्र के ईजरी गांव में शनिवार की देर शाम एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों के रोने- बिलखने से गांव में चीख-पुकार मची रही। ग्रामीण परिजनों को सांत्वना देकर शांत कराने में जुटे रहे।
मृतक के पिता शिवबचन ने बताया कि गांव में ही पड़ोस में एक शादी समारोह की तैयारी में पुत्र रमेश यादव (30) जुटा था। इसी बीच पुत्र की पत्नी शोभा ने पति को भोजन करने के लिए बुलाया। कुछ देर बाद रमेश घर पहुंचा और पत्नी से भोजन लाने को बोला।
दोनों एक साथ बैठकर भोजन करने लगे। इसी बीच अचानक रमेश अचेत होकर गिर पड़ा और मुंह से झाग निकलने लगा। आनन-फानन में उसे जिला अस्पताल ले जाया गया। जहां चिकित्सकों ने गंभीर हालत देख उसे वाराणसी रेफर कर दिया।
परिवार के लोग उसे लेकर वाराणसी जा रहे थे कि रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। मृतक के पिता ने बताया कि तीन भाइयों में मृतक सबसे छोटा था। वह घर पर ही रहता था। इस संबंध में थानाध्यक्ष प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि परिजनों की सूचना पर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारण का पता चल सकेगा।
-
दसवीं के छात्र की संदिग्ध हालात में मौत
संवाद न्यूज एजेंसी
दुबिहा। करीमुद्दीनपुर थाना क्षेत्र के असावर गांव के वेलहपुर मौजे में रविवार को एक किशोर की संदिग्ध परिस्थितियों मेें मौत हो गई। इकलौते पुत्र की मौत से परिजनों के रोने- बिलखने से चीख-पुकार मची हुई थी। परिवार के लोगों ने पुलिस को सूचना दिए बिना ही शव का अंतिम संस्कार कर दिया।
वेलहपुर मौजा निवासी भृगुनाथ राजभर का इकलौता पुत्र सन्नी (17) 10वीं का छात्र था। उसके माता- पिता शनिवार को निमंत्रण पर गए हुए थे। वह घर में दादा-दादी के साथ था। सुबह चाय बनाकर दादा और दादी को देने के बाद वह घर के अंदर चला गया।
थोड़ी ही देर बाद जब उसकी छोटी बहन घर के अंदर गई तो देखा कि किशोर फ्रिज के पास रखी चौकी पर गिरा हुआ था। वह चिल्लाते हुए बाहर आई। आवाज सुनकर पड़ोस के लोग दौड़ कर गए, लेकिन उसकी मौत हो चुकी थी। मौत की सूचना मिलते ही पूरे गांव में सन्नाटा छा गया। परिजनों के रोने से पूरा माहौल गमगीन हो गया था। इकलौते पुत्र के वियोग में मां गीता राजभर का रोते- रोते विक्षिप्त जैसा हाल हो गया था। ग्रामीण परिजनों को सांत्वना देने में जुटे हुए थे।