नगर निकाय चुनाव को लेकर शनिवार को विशेश्वरगंज स्थित भाजपा कार्यालय पर कार्यकर्ताओं की बैठक हुई। मुख्य अतिथि प्रदेश के कैबिनेट मंत्री एवं जनपद नगर पालिका परिषद के चुनाव प्रभारी अनिल राजभर ने नगरपालिका के सभी वार्डों में जीत के लिए अभी से कार्यकर्ताओं को पूरे लगन के साथ लगने को कहा। कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था और व्यापारी हितों के प्रति मुख्यमंत्री द्वारा किए गए सराहनीय कार्यों से समाज का हर वर्ग भयमुक्त और सुरक्षित है।
कहा कि इस कार्य प्रणाली का आज कई प्रदेशों की सरकारों द्वारा अनुकरण किया जा रहा है। चुनाव की दृष्टि से यह पहली बैठक है। इसके बाद जो भी बैठक होगी, वह वार्डों में होगी। ज्यादा से ज्यादा कार्यकर्ता मतदाताओं से संपर्क कर सरकार की योजनाओं की उन्हें जानकारी दें।
बूथ स्तर पर जनसंपर्क टोली के माध्यम से लोगों को जागरूक करने का काम किया जाए। नगर निकाय चुनाव के जिला संयोजक ओम प्रकाश राय ने कहा कि भाजपा ग्राम पंचायत चुनावों की तरह नगर पालिका चुनावों में भी पूरे प्रदेश में भारी बहुमत से चुनाव जीत कर लोगों की अपेक्षाओं तथा जरूरतों के प्रति समर्पित होकर कार्य करेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं को चुनाव में लगने का आह्वान किया। इस दौरान सुरेश बिंद, राजेश भारद्वाज, नगर पालिका परिषद अध्यक्ष सरिता अग्रवाल, विनोद अग्रवाल, साधना राय, निर्गुण दास, अमरनाथ दुबे आदि मौजूद रहे। अध्यक्षता नगरध्यक्ष सुनील कुमार गुप्ता ने किया।
मतदाता पुनरीक्षण कार्य की प्रगति की समीक्षा
सादात। जखनिया के उपजिलाधिकारी आशुतोष कुमार ने शनिवार को नगर पंचायत कार्यालय में आगामी निकाय चुनाव के मद्देनजर चल रहे मतदाता पुनरीक्षण कार्य की प्रगति की समीक्षा की। एसडीएम ने सभी 11 बीएलओ और दो सुपरवाइजरों को निर्देश दिया कि हर हाल में यह कार्य 20 अक्तूबर तक पूरा कर सूची कार्यालय में उपलब्ध कराएं।
उन्होंने कहा कि सभी बीएलओ घर-घर जाकर मतदाताओं का पुनरीक्षण कार्य करते हुए मतदाता सूची को सही ढंग से तैयार करें। बीएलओ को दिव्यांग मतदाता, बुजुर्ग मतदाता की सूची, सभी बूथों का बूथ नंबर लिखना सहित मतदान की तैयारी के बारे में निर्देश दिया। कहा कि 18 वर्ष पूरा कर रहे युवा मतदाताओं को जरूर जोड़ें। किसी प्रकार की गड़बड़ी होने पर दोषी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। एसडीएम ने अधिशासी अधिकारी आशुतोष त्रिपाठी को निर्देश दिया कि छठ पर्व से पहले नगर के सभी तालाब-पोखरे की साफ-सफाई एवं प्रकाश की व्यवस्था सुनिश्चित कराएं, ताकि व्रती महिलाओं एवं उनके परिजनों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। ईओ ने अगले दिन से ही साफ-सफाई कराने की बात कही।