गाजीपुर। केंद्रीय राज्यमंत्री अजय मिश्रा टेनी को मंत्रिमंडल से बर्खास्त करने एवं लखीमपुर की घटना के आरोपी आशीष मिश्रा को गिरफ्तार करने आदि मांगों को लेकर सात से 13 अक्तूबर तक मनाए जा रहे प्रतिवाद दिवस के तहत शनिवार को भाकपा माले के कार्यकर्ताओं ने मंत्री का पुतला दहन किया। जमानिया के मथारे, बरेसर, करंडा के मैनपुर, सैदपुर, फतेपुर में विरोध प्रदर्शन किया। फतेपुर गांव में अखिल भारतीय खेत एवं ग्रामीण मजदूर सभा के जिलाध्यक्ष नंदकिशोर बिंद ने कहा कि तिकुनिया में शांतिपूर्ण प्रदर्शन के बाद लौट रहे किसानों की हत्या के दोषियों को केंद्र और राज्य सरकार बचाने में लगी है। उन्होंने केंद्रीय गृह राज्यमंत्री अजय मिश्रा टेनी को बर्खास्त करने और आशीष मिश्रा को गिरफ्तार कर जेल भेजने की मांग की। मथारे में इंकलाबी नौजवान सभा के जिलाध्यक्ष लालजी वनवासी ने कहा कि प्रदेश की पुलिस ने अपराध स्थल से आरोपी और उसके साथियों को भगाने में मदद की। मैनपुर में खेग्रामस के जिला सचिव राजेश वनवासी ने सरकार को कोसा। कार्यक्रम में फुलेंद्र प्रजापति, विजयी वनवासी, मुराली वनवासी, सत्येंद्र कुमार, रामअशीष बिंद, आजाद यादव, कन्हैया बिंद ने विचार व्यक्त किया।