मरदह। सूक्ष्म उद्यमिता विकास कार्यक्रम के तहत केयर विलेज फाउंडेशन एवं नाबार्ड की तरफ से मरदह ब्लॉक में स्वयं सहायता समूह की 30 महिलाओं के जूट बैग यूनिट के प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ खंड विकास अधिकारी शिरीष वर्मा, ग्राम प्रधान ज्योत्सना पटवा एवं प्रशिक्षिका रुपा सिंह ने किया। इस अवसर पर संस्था की ओर से मरदह ब्लॉक में 100 स्वयं सहायता समूह का गठन किया गया। केयर विलेज फाउंडेशन के चीफ की ओर से संस्था की गतिविधियों एवं जूट बैग निर्माण प्रशिक्षण के उद्देश्य के बारे में बताया गया। इसके बाद खंड विकास अधिकारी ने महिलाओं को योजना से जुड़ने एवं अपनी आय बढ़ाने के लिए प्रेरित किया। डीडीएम नाबार्ड सुशील कुमार ने 15 दिवसीय परियोजना के माध्यम से रोजगार के बारे में लाभार्थियों को जानकारी देते हुए बताया कि जूट बैग यूनिट से रोजगार होगा। उसके बाद महिलाएं अपने उत्पाद को सुगमता से अच्छे मूल्य पर बेच सकती हैं। प्रशिक्षण के बाद उद्यम के लिए स्वयं सहायता समूह की सदस्यों को सहायता दी जाएगी। सभी प्रतिभागियों को प्रशिक्षण का प्रमाण पत्र दिया जाएगा।े