संवाद न्यूज एजेंसी
गाजीपुर। विद्युत कर्मचारी संयुक्त संघर्ष समिति उत्तर प्रदेश के आह्वान पर शहर के लालदरवाजा स्थित उपकेंद्र पर विद्युत कर्मियों ने कार्य बहिष्कार कर प्रदर्शन किया।
इस अवसर पर जिला संयोजक निर्भय नारायण सिंह ने बताया कि कर्मचारी पिछले वर्ष तीन दिसंबर के समझौते को लागू कराने पर अड़े हुए हैं प्रदेश नेतृत्व के आह्वान पर 15 से 16 तारीख की रात 10 बजे तक कार्य बहिष्कार और 16 तारीख को रात 10 बजे के बाद जनपद के समस्त अधिकारी और कर्मचारी 72 घंटे के हड़ताल पर चले जाएंगे।
सहसंयोजक मिथिलेश कुमार ने बताया कि हम अपनी मांगों को लेकर पूर्व में हुए समझौते को लागू करने की मांग कर रहे हैं लेकिन फिर भी प्रबंधन जानबूझकर अपनी जिद पर अड़ा हुआ है। जिला अध्यक्ष अरविंद कुशवाहा ने बताया कि हमारी मांग है पुरानी पेंशन बहाल किया जाए, विभाग में वर्षों से कार्यरत निविदा कर्मियों को नियमित किया, जाए इनके ईपीएफ कोटाले की जांच हो, जान बूझ कर अधिकारियों का शोषण बंद हो और जनता को सस्ती दर पर बिजली उपलब्ध कराई जाए।
इसी क्रम में जिला प्रशासन के तरफ से अपर उपजिलाधिकारी के साथ जनपद के संघर्ष समिति का प्रतिनिधिमंडल बैठकर वार्ता किया और उनसे भी संगठन के नेताओं ने आग्रह किया कि हम लोग किसी भी प्रकार का प्रबंधन से टकराव नहीं चाहते हैं। यह हड़ताल हम विद्युत कर्मियों के ऊपर जानबूझकर थोपा जा रहा है। अगर प्रबंधन अपनी हठधर्मिता पर अड़ा रहा तो लगभग 20 वर्षों के बाद बहुत बड़ा हड़ताल होने जा रहा है और किसी भी कीमत पर हम विद्युत कर्मी पीछे नहीं हटेंगे। जरूरत पड़ी तो जेल भरो आंदोलन भी किया जाएगा। सभा में प्रमोद कुमार, रोहित कुमार, चित्रसेन प्रसाद, मिठाई लाल, अभिषेक राय, विजय शंकर राय, हेमंत सिंह सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
0000
विद्युत कर्मियों के हड़ताल से चरमराई बिजली व्यवस्था
गहमर। बिजली संविदा कर्मियों के अपनी मांगों को लेकर हड़ताल पर जाने से क्षेत्र में बिजली आपूर्ति की व्यवस्था चरमरा गई है। संविदा बिजली कर्मियों ने बुधवार की सुबह 10 बजे से हड़ताल पर जाने का एलान कर दिया। इनके हड़ताल पर जाने से क्षेत्र में बिजली की व्यवस्था चरमरा गई है। बता दें कि दिलदारनगर विद्युत केंद्र से क्षेत्र में कुल 16 सब स्टेशनों पर लगभग 150 से अधिक संविदा कर्मी नियुक्त है। कहीं भी लोकल फाल्ट ठीक करने की जिम्मेदारी इनकी होती है। लेकिन हड़ताल पर जाने की वजह से यह कार्य से विरत हैं। ऐसे में गर्मी से लोगों का जीना मुहाल हो गया है। इस संबंध में एसडीओ कमलेश प्रजापति ने बताया कि संविदा कर्मियों और पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम के एमडी की मध्यस्थता में एक लिखित समझौता हुआ था। जब इन कर्मियों की मांगों को पूरा नहीं किया जा रहा है, यह कर्मी हड़ताल पर चले गए हैं।