भदौरा में मां काली की वार्षिक पूजा में शामिल श्रद्धालु-संवाद
मुहम्मदाबाद। नगर सहित ग्रामीण क्षेत्रों में सावन पूर्णिमा पर वार्षिक श्रावणी पूजा संपन्न हुई। इस दौरान मां काली मंदिरों और डीह बाबा स्थलों पर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। नगर के दक्षिणी मुहल्लों की महिलाएं शाहनिंदा स्थित काली मंदिर में श्रावणी पूजन करती हैं। इस वर्ष शाहनिंदा काली मंदिर के पास नगर का गंदा पानी जमा होने से भक्तों और राहगीरों को असुविधा का सामना करना पड़ा। श्रावणी पूजा का आरंभ सावन मास की सप्तमी तिथि से ही हो गया था। नगर और ग्रामीण क्षेत्रों के मां काली मंदिरों में विधि-विधान से पूजन किया गया। महिलाओं ने मां काली को धार चढ़ाकर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। शुक्रवार की सुबह शाहनिंदा स्थित पुराने और नए काली मंदिर पर हवन-पूजन के साथ मां काली को खप्पर चढ़ाया गया। यूसुफपुर महाकाली मंदिर के पुजारी सत्यप्रकाश मुकेश ने बाजार क्षेत्र का भ्रमण करने के बाद विधिवत पूजन संपन्न कराया।