जंगीपुर थाना क्षेत्र के यादव मोड़ के पास रविवार को तेज रफ्तार अनियंत्रित बाइक की टक्कर से बाजार करने आई महिला की मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं पुलिस ने बाइक सवार को धर-दबोचा। मृतका के पति की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्जकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी।
बिरनो थाना क्षेत्र के रूहीपुर गांव निवासी भगवती देवी (65) घर से जंगीपुर बाजार आई हुई थी। यादव मोड़ पर जैसे ही वह ऑटो से उतरी गाजीपुर से मऊ की ओर जा रहे तेज रफ्तार अनियंत्रित बाइक ने सामने से टक्कर मार दी। बाइक सवार सड़क पर गिर पड़ा। हादसे के बाद आस-पास के लोगों की मौके पर भीड़ गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल महिला को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा। लेकिन रास्ते में ही भगवती देवी ने दम तोड़ दिया।
इधर पुलिस बाइक सहित चालक को हिरासत में लेकर थाने आई। सूचना मिलते ही महिला के परिजन जिला अस्पताल पहुंचे। मृतका के पति फुलचंद बिंद ने बाइक चालक के खिलाफ तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराया। फिलहाल पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर चालान कर दिया। इस संबंध में थानाध्यक्ष अशोक मिश्रा ने बताया कि बाइक के धक्के से महिला की मौत हो गई है। शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मुकदमा दर्जकर बाइक सवार मुहम्मद को गिरफ्तार कर चालान कर दिया गया है।