दुल्लहपुर। थाना क्षेत्र के मलेठी गांव में सोमवार बिजली पोल की छरकी के पास से लकड़ी हटाते समय करंट की चपेट मेें आने से एक महिला की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इधर परिजनों के रोने-बिलखने से गांव में मातम का माहौल है।
गांव निवासी कमली देवी (50) सुबह करीब साढ़े दस बजे घर के पास लगे विद्युत की छरकी के पास रखी लकड़ी हटाने का कार्य कर रही थी। इसी दौरान करंट की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से झुलस गई। परिवार के सदस्य घटना स्थल पर पहुंचे और शोर मचाने लगे। ग्रामीणों ने घटना की जानकारी सब स्टेशन पर तैनात कर्मचारियों को देकर आपूर्ति बंद कराई। इसके बाद गंभीर रूप से झुलसी महिला को उपचार के लिए अस्पताल ले जा रहे थे कि रास्ते मेें ही उसकी मौत हो गई। मृतका कमली देवी दाना बेचकर पति का आर्थिक सहयोग करती थी। मौके पर पहुंचे ग्राम प्रधान प्रतिनिधि धनंजय प्रजापति ने परिवार के लोगों को सांत्वना देकर शांत कराया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस संबंध में थानाध्यक्ष प्रवीण यादव ने बताया कि करंट लगने से महिला की मौत हो गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।