मुहम्मदाबाद कोतवाली क्षेत्र के मुहम्मदाबाद- चितबड़ागांव मार्ग पर परसा गांव के सामने बुधवार को मुर्गी लादकर ले जा रहे वाहन से धक्का लग जाने से परसा गांव की महिमा देवी (30) की मौत हो गई। जबकि उसका एक साल का पुत्र घायल हो गया।
परसा गांव की निवासी राकेश पासी की पत्नी महिमा देवी अपने एक साल के पुत्र को लेकर अस्पताल दिखाने के लिए वाहन के इंतजार में सड़क पर खड़ी थी। इसी दौरान मुर्गी लादकर ले जा रहा एक वाहन उसे धक्का मारते हुए आगे बढ़ गया। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई दोनों को इलाज के लिए जिला चिकित्सालय ले जाया गया। जहां डाक्टरों ने महिमा पासी को मृत घोषित कर दिया। वाहन और चालक को ग्रामीणों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे मे लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के ससुर सीताराम पासी ने कोतवाली मुहम्मदाबाद में चालक के खिलाफ नामजद तहरीर दिया है। कोतवाल अशोक कुमार मिश्रा ने बताया कि तहरीर मिल गई है। आरोपी चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कार्यवाही की जाएगी। संवाद