मरदह थाना के नरवर गांव में स्थित नहर मार्ग पर रविवार को ट्रक की चपेट में आने से एक महिला की मौत हो गई। परिजनों ने पुलिस को सूचना दिए बिना ही अंतिम संस्कार कर दिया।
प्रत्येक दिन की तरह माजी राजभर (60) सुबह खेत के तरफ गई थी। इस दौरान अनियंत्रित तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से घायल हो गई। वहीं हादसे के बाद चालक ट्रक लेकर फरार हो गया। इधर ग्रामीणों ने परिजनों को हादसे की जानकारी दी। परिवार के लोग मौके पर पहुंचे और गंभीर रूप से घायल महिला को उपचार के लिए जिला अस्पताल लेकर आए, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। ग्रामीण एवं परिजन शव लेकर घर चले आए। परिजनों ने पुलिस को सूचना दिए बिना ही शव का अंतिम संस्कार कर दिया। संवाद