नंदगंज थाना क्षेत्र के सहेड़ी हाल्ट के पास सोमवार ट्रेन से कटकर एक महिला की मौत हो गई। रेलवे ट्रैक पर हादसे की सूचना में भीड़ लग गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। चौकी प्रभारी रजादी सुरेंद्र नाथ सिंह को ग्रामीणों ने जानकारी दी कि सहेड़ी हाल्ट के पास एक महिला ट्रेन से कट गई है। मौके पहुंची पुलिस शव को कब्जे में लेकर शिनाख्त का प्रयास किया विफल होने पर शव को थाने ले आई। यहां चौकी प्रभारी ने शिनाख्त के लिए सोशल मीडिया का सहारा लिया। कुछ देर बाद थाने पहुंचे मृतका के पति ओमप्रकाश ने महिला की शिनाख्त पठानपुर गांव निवासी संसा देवी (36) के रूप में की। उन्होंने पुलिस को बताया कि महिला पूजा करने सहेड़ी गांव स्थित शिव मंदिर गई थी। महिला की मानसिक स्थिति ठीक नहीं था। उसका उपचार वाराणसी के चिकित्सक से चल रहा था। शव देख पति ओमप्रकाश और बच्चे रोने-बिलखने लगे। शिनाख्त होने के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।