बिजली खबर-नंदगंज के डिहिया में कीचड़ और बरसात के जल जमाव में पड़ा बिजली का केबिल।
- फोटो : GHAZIPUR
सुहवल। शनिवार को अंधऊ से जमानियां विद्युत उपकेंद्र तक जाने वाली एक लाख 32 हजार वोल्ट के ट्रांसमिशन लाइन का तार तेज आवाज के साथ टूटकर गंगा नदी में गिर गया। अचानक हुई इस घटना से अफरातफरी मच गई। इधर तार टूटने के बाद से ढढ़नी विद्युत उपकेन्द्र और सुहवल गांव स्थित ताडीघाट विद्युत उपकेंद्र के अंतर्गत आने वाले दर्जनों गांव अंधारीपुर, मलसा, माधोपुर, रमवल, भगीरथपुर, गरूआ मकसूदपुर, मेदनीपुर, चकियां उर्फ चकमजीठ, डूहियां, बवाडा, कालूपुर पटकनियां, सुजानपुर, गौरा, डेढगांवा आदि गांवों में अंधकार छा गया। करीब 24 घंटे बाद भी तार को जोड़े जाने का प्रयास किया जा रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, नदी में तार गिरते ही कुछ देर के लिए अफरातफरी मच गई। नाविक अपने-अपने नाव लेकर इधर-उधर भागने लगे। रेल कम रोड ब्रिज के निर्माण में जुटे कर्मियों और अन्य लोग दहशत में आ गए थे। इधर, रविवार को दिन भर हाईटेंशन तार को जोड़ने की कवायद की जा रही थी। इधर, क्षेत्र में सुचारू आपूर्ति बनाए रखने के लिए तलवल विद्युत उपकेंद्र से आपातकालीन आपूर्ति करने का प्रयास किया जा रहा था। ग्रामीणों का कहना है कि ट्रांसमिशन लाइन का तार पहली बार नहीं टूटा। इसके पहले भी यह कई बार टूट चुका है। इन जर्जर तारों को बदलने को लेकर विभाग फिक्रमंद नहीं है। अगर यही स्थिति रही तो भविष्य में कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। अधिशाषी अभियंता एसके सिंह ने कहा कि ट्रांसमिशन लाइन के पुराने तार को बदलने का प्रस्ताव बनाया गया है। फिलहाल टूटे तार को दुरुस्त किया जा रहा है।