कासिमाबाद। थाना क्षेत्र के एक गांव की युवती की फर्जी आईडी बनाकर अश्लील फोटो डालने व जान से मारने की धमकी देने वाले आरोपी को पुलिस ने शुक्रवार को धर-दबोचा। पूछताछ के बाद आरोपी का चालान कर जेल भेज दिया गया। थाना क्षेत्र के एक गांव की युवती रिश्तेदारी के एक युवक के ऊपर बीते 19 जून को तहरीर देते हुए आरोप लगाया था कि फर्जी आईडी से सोशल मीडिया पर अश्लील फोटो डालकर जान से मारने की धमकी देता है। इस पर पुलिस ने मुकदमा दर्जकर आरोपी की तलाश शुरू कर दी थी। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक बलवान सिंह ने बताया कि युवती की तहरीर पर मुकदमा दर्जकर सुहवल थाना क्षेत्र के युवराजपुर निवासी आरोपी युवक अमरनाथ सिंह को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया।