सेवराई तहसील परिसर में जमा बारिश का पानी। संवाद
सेवराई। तहसील परिसर में बरसात के बाद जल निकासी की समुचित व्यवस्था न होने के कारण जगह-जगह जल जमाव की स्थिति बनी हुई है। इससे अधिवक्ताओं, फरियादियों और वादकारियों को काफी परेशानियों को सामना करना पड़ रहा है। तहसील परिसर में जल निकासी की कोई व्यवस्था न होने के कारण बारिश का पानी परिसर में ही जमा हो जाता है। इससे संक्रामक बीमारियां फैलने वाले मच्छरों का प्रकोप भी बढ़ जाता है। लोगों ने बताया कि तहसील खुले करीब नौ साल हो गए हैं उसके बावजूद भी आज तक मूलभूत सुविधाएं तहसील में पूरी नहीं हो सकी है, जिससे अधिवक्ताओं और वादकारियों को काफी परेशानियां उठानी पड़ रही है। प्रभारी तहसीलदार पंकज कुमार ने बताया कि तहसील के कुछ स्थानों पर जलभराव की स्थिति बनी है। जल्द ही समुचित जल निकासी के लिए संबंधित को निर्देशित किया गया है।