सुहवल। जल जीवन मिशन (हर घर जल योजना) के तहत पटकनिया गांव में 333.86 लाख की लागत से 250 किलो लीटर क्षमता की पानी टंकी का निर्माण शुरु हो चुका है। अगर सब कुछ ठीक रहा तो छह माह बाद पानी टंकी का निर्माण पूरा होने के बाद लोगों के घरों तक जलापूर्ति शुरु कर दी जाएगी। इसके तहत 12729 मीटर करीब 13 किमी लंबी भूमिगत पाइप लाइन बिछाने का भी काम शुरु हो चुका है। निर्माण पूरा हो जाने से गांव के 650 घरों के करीब 6000 हजार लोगों को इसका लाभ मिल सकेगा। गंगा किनारे स्थित विभिन्न गांव में आर्सेनिक पानी मिलने से चिंतित सरकार ने लोगों तक शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के लिए टंकी का निर्माण कराना शुरु करा दिया है। योजना के तहत लाखों रुपये का अनुदान दिया जा रहा है। इसका उपयोग जलापूर्ति और स्वच्छता के लिए किया जाएगा। इससे गांवों में पेयजल आपूर्ति प्रणालियों के बेहतर नियोजन, कार्यान्वयन, प्रबंधन, संचालन और रखरखाव में मदद मिलेगी, जिससे लोगों को नियमित और दीर्घकालिक आधार पर पीने योग्य पानी मिलता रहे। जल शक्ति मंत्रालय देश के प्रत्येक ग्रामीण क्षेत्रों के घरों में नल जल कनेक्शन के माध्यम से नियमित और दीर्घकालिक आधार पर निर्धारित गुणवत्ता के लिए पर्याप्त मात्रा में पीने योग्य पानी उपलब्ध कराने के उद्देश्य से राज्यों के साथ साझेदारी में जल जीवन मिशन को 2024 तक लागू करने में जुटा है। इस मामले में जलनिगम खंड तृतीय के एई राजेंद्र प्रसाद ने कहा कि पानी टंकी का निर्माण तेज गति से जारी है। विभाग का प्रयास है अगले छह माह में इसका निर्माण पूरा कर लिया जाए। लोगों के घरों तक शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराया जाए।