बिरनो थाना क्षेत्र के डाड़ी खुर्द निवासी महफूज खान को ट्वीटर पर असलहे के साथ फोटो ट्वीट करने के मामले में पुलिस ने धर दबोचा। सोशल मीडिया ट्वीटर प्लेटफार्म पर उसकी फोटो सबसे पहले 14 जुलाई 2022को डाली गई। उसके बाद एक बार फिर उसे पिछले दिनों अपलोड किया गया। जिसके बाद पुलिस हरकत में आई और उसे धर दबोचा। बिरनो थानाध्यक्ष के पी सिंह ने बताया कि महफूज खान को हिरासत में लिया गया है। उससे पूछताछ की जा रही है।
रामपुर मांझा थाना क्षेत्र के तरांव ग्राम पंचायत के पंडापुर गांव में बीते साल से एससी-एसटी एक्ट में फरार चल रहे दंपती और उनके दो पुत्रों के घर पर डुगडुगी पिटवाने के साथ कुर्की की नोटिस चस्पा की गई। भीम यादव , उसकी पत्नी शांति देवी व उसके दो पुत्र जुगनू व हरिओम यादव के खिलाफ़ बीते साल एससी एसटी एक्ट में मुक़दमा दर्ज हुआ था। इस मामले में तभी से चारों फरार हैं।
पुलिस ने कई संभावित स्थानों पर उनकी तलाश में दबिश दी, लेकिन वो पकड़े नहीं गए और न ही हाजिर हुए। जिसके बाद एससी एसटी कोर्ट के स्पेशल जज के आदेश के बाद उनके खिलाफ कार्रवाई करते हुए डुगडुगी पिटवाकर मुनादी कराई गई। इसके बाद घर पर कुर्की की नोटिस चिपकाया गया। अगर आरोपी हाजिर नहीं हुए तो कुर्की कराई जाएगी। इस दौरान एसआई संजय सरोज के साथ अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।