जमानिया (गाजीपुर)। कोतवाली क्षेत्र के हमीदपुर (हेतिमपुर) गांव में दो पक्षों के बीच हो रहे विवाद को शांत कराने पहुंची यूपी डायल-112 की पुलिस टीम पर ग्रामीणों ने जानलेवा हमला कर दिया। इस हिंसक झड़प में दो पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। उपद्रवियों ने पुलिसकर्मियों को दौड़ा-दौड़ा कर पीटा, उनकी वर्दी फाड़ दी, मोबाइल तोड़ दिया और जान से मारने की धमकी भी दी। पुलिस ने इस मामले में शनिवार को आठ नामजद लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। प्रभारी निरीक्षक राम सजन नागर ने बताया कि 29 मई की रात कांस्टेबल प्रदीप कुमार सिंह और होमगार्ड चालक वंश नारायण गांव में मारपीट की सूचना पर पहुंचे थे। वहां दोनों पक्ष आपस में हाथापाई कर रहे थे। बीच-बचाव के दौरान एक ग्रामीण मोहन के सिर में हल्की खरोंच आ गई और खून निकलने लगा। इसे देख दोनों पक्षों के लोग अचानक एकजुट हो गए और सारा आरोप पुलिस पर मढ़ते हुए हमला बोल दिया। जब कांस्टेबल प्रदीप ने घटना का वीडियो बनाने की कोशिश की तो आरोपियों ने उनका मोबाइल छीनकर जमीन पर पटक दिया। दोनों पुलिसकर्मियों ने किसी तरह वहां से भागकर अपनी जान बचाई। कांस्टेबल प्रदीप कुमार सिंह की तहरीर पर पुलिस ने सभी आठ आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आगे की तलाश शुरू कर दी है।