मरदह थाना गेट पर रील बनाती महिला। स्रोत- सोशल मीडिया
गाजीपुर। मरदह थाना गेट के सामने एक महिला द्वारा भोजपुरी गीत दरोगा जी हमरा पियवा के खोज दी... पर रील बनाना इन दिनों सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है। यह वीडियो इंस्टाग्राम सहित कई प्लेटफॉर्मों पर तेजी से वायरल हो रहा है। हालांकि वायरल वीडियो की पुष्टि संवाद न्यूज एजेंसी नहीं करता है। वायरल वीडियो में एक महिला थाने के मुख्य द्वार के ठीक सामने गाने की धुन पर अभिनय करती नजर आ रही है। इस दौरान थाने के अंदर-बाहर पुलिसकर्मी, फरियादी और अन्य लोग आते-जाते दिखाई दे रहे हैं, लेकिन किसी ने भी उसे रोकने या टोकने की जरूरत नहीं समझते। यहीं नहीं, महिला का एक अन्य वीडियो बिरनो थाने के गेट पर भी बनाया गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि थाने के गेट पर रील बनाना पुलिस प्रशासन की लापरवाही को उजागर करता है। मरदह थाना पर दर्जनों पुलिसकर्मी व महिला पुलिसकर्मी तैनात रहते हैं और मुख्य गेट पर नियमित ड्यूटी भी होती है, बावजूद इसके थाने के ठीक सामने ऐसी गतिविधि होना अनुशासन और सुरक्षा व्यवस्था दोनों पर सवाल खड़ा करता है। ग्रामीणों के बीच यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है। उनका कहना है कि यदि थाना परिसर या उसके आसपास इस तरह की निर्भीक गतिविधियां होती रहीं, तो यह कानून-व्यवस्था पर नकारात्मक असर डालेगा। कासिमाबाद क्षेत्राधिकारी शुभम वर्मा ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है, वीडियो की पुष्टि कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।