मुहम्मदाबाद। कोतवाली क्षेत्र के यूसुफपुर बाजार स्थित सब्जी मंडी में मंगलवार की सुबह हृदय गति रुकने से एक सब्जी विक्रेता का निधन हो गया। इससे बाजार में भगदड़ मच गई। प्रशासन की तरफ से लॉकडाउन में सुबह सात बजे से दिन में 11 बजे तक आवश्यक वस्तुओं के लिए दुकान खुलने का समय निर्धारित किया गया है। नगर के नवापुरा निवासी किसान महेंद्र कुशवाहा सुबह अपने खेत से मूली एवं धनिया की पत्ती लाकर मंडी में बेच रहा था। इसी बीच वह अपने टाट पर ही बैठे-बैठे लुढ़क गया। कुछ ही देर बाद उसकी मौत हो गई। यह देख वहां लोगों की भीड़ लग गई। इसकी जानकारी होते ही बाजार में अफरा-तफरी मच गई। लोग भागने लगे, दुकानें बंद होने लगी। दुकानदारों ने इसकी सूचना घर वालों को दी। जानकारी मिलते ही परिजन बाजार पहुंचे और शव लेकर घर चले गए।