यूपी शूटिंग चैंपियनशिप में कांस्य पदक विजेता वर्चस्व यादव। स्रोत- परिजन
सादात। क्षेत्र के मरदापुर गांव के निशानेबाज वर्चस्व यादव ने 49वीं यूपी स्टेट शूटिंग चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीत कर जिले और वाराणसी मंडल का नाम रोशन किया है। यह चैंपियनशिप हाल ही में नई दिल्ली के डॉ. करणी सिंह शूटिंग रेंज में आयोजित की गई थी। उनकी इस उपलब्धि से गाजीपुर सहित पूरे पूर्वांचल के खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों में हर्ष है। क्षेत्र के एक शैक्षणिक समूह के चेयरमैन डॉ. विजय यादव के पुत्र वर्चस्व ने बताया कि प्रतियोगिता में देश और प्रदेश के कई दिग्गज निशानेबाजों ने हिस्सा लिया था। 25 मीटर स्पोर्ट्स पिस्टल (इंटरनेशनल रूल) के जूनियर वर्ग में उसने भाग लिया और अपनी खेल प्रतिभा और एकाग्रता का उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक जीता। इसके अलावा 12 बोर ट्रैप इवेंट में भी शानदार प्रदर्शन किया। उत्तर प्रदेश की टॉप रैंकिंग में उसने अपनी जगह पक्की की।