जमानिया। क्षेत्र में टीकाकरण का कार्य स्वास्थ्य विभाग की ओर से लगातार गांव सहित नगर में किया जा रहा है लेकिन आंकड़ों में बढ़ोतरी होने के बजाए गिरावट ही नजर आ रही है। शनिवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बरुइन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बेटाबर किशुनीपुर, जोगियामार सब्बलपुर कला और महली गांव में एक भी वैक्सीन नहीं लगी और न ही कोविड की जांच ही की गई। महकमा जागरूकता के प्रति लापरवाह बना है। गांव में वैक्सीनेशन के लिए दस टीमों का गठन किया गया है। इसके साथ ही प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र जमानिया बेटाबर और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बरुइन पर स्थाई केंद्र बनाए गए हैं। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र को छोड़कर किसी भी केंद्र में वैक्सीनेशन और कोविड जांच का कार्य ठीक नहीं है। शनिवार को गरुआ मकसूदपुर में 92, रामपुर पट्टी सरनाम खां में 11, रोहुणा में 20, महेवा में आठ, सैदाबाद में 20, जबुरना में 53, करजही में 10, और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में 148 सहित कुल 310 लोगों का टीकाकरण हुआ। वहीं, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बरुइन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बेटाबर सब्बलपुर कला किशुनीपुर जोगियामार महली गांव में एक भी वैक्सीन किसी को नहीं लगी। इन केंद्रों में सब्बलपुर कला गांव को छोड़कर किसी में कोविड की जांच भी नहीं हुई।