गाजीपुर। जिले में मंगलवार को 18 से 44 वर्ष तक के लोगों के टीकाकरण अभियान का शुभारंभ हो गया। इस दौरान युवाओं में वैक्सीनेशन को लेकर गजब का उत्साह देखने को मिला। टीकाकरण स्थलों से निकलने के बाद युवाओं ने एक स्वर में कहा कि अब कोरोना हारेगा। सदर विधायक डा. संगीता बलवंत ने जिला अस्पताल में फीता काटकर जहां वैक्सीनेशन का आगाज किया। वहीं केंद्र पर आए युवाओं को टीकाकरण में चढ़-बढ़कर प्रतिभाग करने के लिए जागरूक भी किया। वैक्सीनेशन के दौरान युवाओं के चेहरे पर खुशी देखने को मिली। टीकाकरण कराने के बाद वह अपने को सुरक्षित महसूस कर रहे थे। जिन लोगों ने अभी तक टीकाकरण नहीं कराया उन लोगों को जल्द से जल्द टीका लगवाने की अपील भी करते भी नजर आए। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डा. उमेश कुमार ने बताया कि जिले में 18 से 44 वर्ष के लोगों के साथ ही 45 वर्ष से ऊपर के लोगों के टीकाकरण के लिए शासन से करीब 7000 वैक्सीन मिली थी। युद्ध स्तर पर जिले में टीकाकरण कराया गया। तीन जून तक स्लॉट पहले से बुक होने के बाद सेंटरों पर सुबह से 18 प्लस के लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। तीन दिनों के लिए वैक्सीनेशन के लिए करीब 6000 युवाओं ने रजिस्ट्रेशन करवाया है। उन्होंने बताया कि मीडिया सेंटर गाजीपुर पत्रकार एसोसिएशन कार्यालय पर भी टीकाकरण किया गया। शाम तक 90 लोगों ने टीकाकरण कराया। उन्होंने बताया कि ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन के लिए तीन जून के बाद टीके की उपलब्धता पर पोर्टल को खोला जाएगा। जल्द ही शासन से जिले को 10500 वैक्सीन मिलने वाली है, जिसमें 8000 कोविशील्ड और 2500 कोवैक्सीन शामिल है। साथ ही छूटे 45 प्लस के लोगों के टीकाकरण के लिए जिलाधिकारी के निर्देश पर 161 टीम बनाई गई है। प्रत्येक टीम को 100 लोगों का टीका करने का लक्ष्य दिया गया है। मरदह : पहले दिन 80 युुवाओं ने टीकाकरण कराया। जमानिया : प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर सुबह करीब नौ बजे से ही युवाओं की भीड़ लग गई थी। सुबह 10 बजे से वैक्सीनेशन का कार्य शुरु हुआ। 70 युवाओं को ही वैक्सीन लगी। जखनिया : मुड़ियारी गांव स्थित प्राथमिक विद्यालय परिसर में बीस लोगों का टीकाकरण किया गया।