गाजीपुर। उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन मुक्त विश्वविद्यालय की ओर से संचालित विभिन्न डिग्री, डिप्लोमा एवं प्रमाण पत्र कार्यक्रमों में प्रवेश की अंतिम तिथि 30 अगस्त तक बढ़ा दी गई है। राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय स्थित अध्ययन केंद्र के समन्वयक डॉ. शिवकुमार ने बताया कि विश्वविद्यालय के प्रवेश प्रभारी की तरफ से बताया गया है कि प्राचार्य एवं शिक्षार्थियों की विशेष मांग पर यह तिथि कुलपति की ओर से बढ़ाई गई है। शैक्षिक सत्र जुलाई 2025-26 में सभी कक्षाओं एवं पाठ्यक्रमों में प्रवेश का यह अंतिम अवसर है। उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय की ओर से संचालित 15 से अधिक विषयों में एमए , राजनीति विज्ञान, शिक्षाशास्त्र, समाजशास्त्र, समाज कार्य, उर्दू, संस्कृत विषयों तथा एकल विषय संस्कृत, इतिहास, राजनीति विज्ञान, अर्थशास्त्र, भूगोल, संस्कृत, उर्दू, अंग्रेजी, सामाजिक विज्ञान तथा विभिन्न प्रकार के रोजगार परक डिप्लोमा-प्रमाण पत्र पाठ्यक्रमों में ऑनलाइन प्रवेश जारी है। इस बार से एकल विषय स्नातक का पाठ्यक्रम एक वर्ष का ही कर दिया गया है। बताया कि नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के अनुसार छात्र नियमित पाठ्यक्रमों में अध्ययन करते हुए मुक्त विश्वविद्यालय से डिग्री या डिप्लोमा पाठ्यक्रम एक साथ कर सकते हैं। किसी नियमित कोर्स को पढ़ते हुए मुक्त विश्वविद्यालय से कोई दूसरा डिग्री या डिप्लोमा कोर्स एक साथ कर सकते हैं। विश्वविद्यालय की ओर से संचालित विभिन्न पाठ्यक्रम कामकाजी, सरकारी सेवारत एवं शिक्षा से वंचित लोगों के लिए अत्यंत उपयोगी हैं। इच्छुक शिक्षार्थी विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर अपना ऑनलाइन प्रवेश लेकर अध्ययन केंद्र के कार्यालय में दिन में एक से 4 के बीच जमा कर सकते हैं।