औड़िहार। संचार रोग नियंत्रण अभियान को सफल बनाने के लिए बुधवार को एक दिवसीय अभिमुखीकरण प्रशिक्षण का आयोजन बीआरसी सभागार और क्षेत्र पंचायत कार्यालय पर आयोजित हुआ। इसमें सैदपुर से जुड़े नोडल शिक्षकों और ग्राम पंचायत अधिकारियों तथा प्रधानों को प्रशिक्षित किया गया। प्रशिक्षण में स्वास्थ्य शिक्षा एवं आईसीडीएस से जुड़े कर्मियों ने प्रतिभाग किया। कार्यक्रम में संचारी रोग नियंत्रण, दिमागी बुखार एवं दस्तक अभियान से जुड़े कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की गई। खंड विकास अधिकारी धर्मेंद्र यादव ने कहा कि बिना साफ-सफाई के यह अभियान सफल नहीं हो सकता है। उन्होंने कहा कि मच्छरों के प्रभाव को रोकने के लिए फॉगिंग मशीन का इस्तेमाल करना चाहिए। साथ ही जलनिकासी की समुचित व्यवस्था ग्राम प्रधानों को करना होगा। इसमें सफाईकर्मियों की भूमिका को प्रभावी बनाने की जरूरत है। इस मौके पर चिकित्सा अधीक्षक एसके सिंह, अनिकेत सिंह, सीडीपीओ सुनीता सिंह आदि मौजूद रहे। संवाद