टीकाकरण अभियान के तहत बृहस्पतिवार को ग्राम पंचायत हुस्सेपुर, कोठिया और विशुनपुरा के प्राथमिक विद्यालय परिसर में टीकाकरण शिविर का आयोजन हुआ। इसमें जहां लोगों को संचारी रोग नियंत्रण की जानकारी दी गई तो वहीं दवा वितरण एवं 350 लोगों को वैक्सीन लगाई गई। विशेष स्वास्थ्य शिविर प्रधान प्रीति राय एवं प्रधान पति शैलेश प्रधान के सहयोग से आयोजित हुआ। इसमें सीएचसी के अधीक्षक डा. आशीष राय की देखरेख में 350 लोगों को टीका लगाया गया। साथ ही विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान एवं राष्ट्रीय किशोर एवं किशोरी कार्यक्रम के तहत लोगों को जागरूक किया गया। केंद्र अधीक्षक ने कहा कि विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान में मलेरिया, कोरोना, छोटी माता, चेचक, हैजा, डेंगू ज्वर, सूजाक, हेपेटाइटिस ए, बी और सी आदि आते हैं। शिविर में किशोरियों को सेनेटरी पैड का वितरण किया गया। टीकाकरण के प्रति महिलाओं में खासा उत्साह रहा। शिविर में संजीव कुमार, इमरान, सपना, राजकुमारी सिंह के अलावा सभी क्षेत्रीय आशा एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ता उपस्थित रहीं। ग्राम प्रधान प्रीति राय ने आभार जताया।