कासिमाबाद। कोतवाली क्षेत्र के कमालपुर गांव के सामने कासिमाबाद-यूसुफपुर मार्ग पर अंबेडकर प्रतिमा के पास मंगलवार की देर रात एक अनियंत्रित बाइक सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। हादसे में बाइक चला रहे ट्रैक्टर चालक की मौत हो गई। जबकि पीछे बैठा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घायल को सीएचसी लाया गया, जहां हालत गंभीर होने पर डाक्टरों ने मऊ जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। इधर मृतक के परिजनों के रोने- बिलखने से गांव में चीख-पुकार मची रही।
मुहम्मदाबाद कोतवाली थाना क्षेत्र के हरीपुर गांव निवासी दिनेश यादव (28) गांव के ही अशोक यादव (26) के साथ देर रात बाइक से किसी काम से कासिमाबाद जा रहे थे। बाइक सवार दोनों युवक जैसे ही कासिमाबाद-यूसुफपुर मार्ग स्थित कमालपुर गांव के सामने अंबेडकर मूर्ति के सामने पहुंचे कि उनकी बाइक अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि दिनेश यादव के सिर में गंभीर चोट लगने से वह अचेत हो गया। वहीं घटना में अशोक यादव को गंभीर चोट लगी है। पेड़ से बाइक टकराने की तेज आवाज सुनकर आस- पास के लोगों की नींद खुल गई। घटना स्थल पर पहुंचकर पुलिस को सूचना दी। पुलिस एंबुलेंस दोनों घायलों को लेकर सीएचसी पहुंची। जहां चिकित्सकों ने दिनेश यादव को मृत घोषित कर दिया। दूसरी तरफ घायल अशोक यादव की हालत नाजुक होने पर जिला अस्पताल मऊ के लिए रेफर कर दिया। पुलिस ने मृत दिनेश यादव के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों ने बताया कि मृतक दिनेश यादव ट्रैक्टर चालक था और अपने दो भाइयों में सबसे बड़ा था। छोटा भाई धीरज यादव पढ़ाई करता है।
इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक शिव प्रताप वर्मा ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।