गाजीपुर। अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों में लिपिक श्रेणी पदों ( समूह ग) भर्ती की प्रक्रिया शुरू हो गई है। आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों को जिला विद्यालय निरीक्षक की ओर से टंकण टेस्ट लेने के लिए 22 नवंबर को बुलाया गया है। यह टेस्ट आईटीआई के सभागार में कराया जाएगा।
जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार जिले के कुल सात विद्यालयों में यह चयन प्रक्रिया जारी है। प्रत्येक विद्यालय में प्राप्त हुए कुल आवेदन में से ऊपर की मेरिट के दस आवेदकों को ही टंकण टेस्ट के लिए बुलाया गया है। इस तरह कुल सात विद्यालयों से दस के हिसाब से 70 अभ्यर्थी इस परीक्षा में शामिल होंगे। इस चयन प्रक्रिया को 16 जनवरी 2023 तक अनिवार्य रूप से पूर्ण कर लेना है।
चयन प्रक्रिया पूर्ण करने के संबंध में माध्यमिक शिक्षा निदेशक का आदेश सभी जिलों के डीआईओएस को प्राप्त हो चुका है। इस संबंध में डीआईओएस की तरफ से आवश्यक निर्देश अशासकीय सहायता प्राप्त सभी संबंधित विद्यालयों के प्रधानाचार्यों-प्रबंधकों को भेजा गया है। निर्देश के मुताबिक लिपिक पदों पर आवेदन करने के लिए अभ्यर्थी को 21 दिन का समय दिया गया था। परीक्षा के बाद अभ्यर्थी को 20 अंक के साक्षात्कार से भी गुजरना पड़ेगा। अभ्यर्थी का चयन मेरिट के आधार पर किया जाएगा।
इस संबंध में प्रधानाचार्यों एवं प्रबंधकों द्वारा चयन से संबंधित विज्ञापन अखबारों में प्रकाशित कराया जा चुका है। चयन समिति की ओर से चयन प्रक्रिया पूर्ण करने के बाद चयनित सूची जिला विद्यालय निरीक्षक को उपलब्ध कराई जाएगी। चयन करते समय रिक्त पदों के रिक्त होने का सत्यापन जरूर हुआ होना चाहिए। चयन के समय आरक्षण के नियमों का पालन किया जाना आवश्यक होगा। अधिसंख्य पदों और मृतक आश्रित कोटे के अभ्यर्थी का चयन करते समय विशेष सावधानी बरतनी होगी।
बच्चों का रजिस्ट्रेशन कराएं
गाजीपुर। सभी प्रधानाचार्य फिट इंडिया कार्यक्रम के तहत अपने विद्यालय एवं उसमें अध्ययनरत बच्चों का पंजीकरण इस कार्यक्रम के अंतर्गत करा लें। जिला विद्यालय निरीक्षक अशोकनाथ तिवारी ने बताया कि रजिस्ट्रेशन कराने के बाद उसे लाक कर दें।