बारा। यूपी - बिहार बॉर्डर पर चेकिंग के दौरान बिहार पुलिस ने शराब के साथ गहमर कोतवाली के बारा गांव निवासी दो युवकों को गिरफ्तार किया।
चौसा चेक पोस्ट प्रभारी दिलीप कुमार सिंह ने बताया कि मंगलवार की देर रात यूपी से आने वाले वाहनों की जांच की जा रही थी। इसी दौरान बारा कर्मनाशा पुल की ओर से बाइक पर सवार दो युवक आते दिखे। पुलिस बल द्वारा जब तलाशी ली गई तो बाइक की डिक्की से शराब बरामद हुई। बिहार पुलिस द्वारा पकड़े गए दोनों आरोपी युवकों की पहचान गहमर कोतवाली के बारा गांव निवासी चंदन यादव और अफजल खां के रूप में हुई। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वह क्षेत्र की शराब की दुकानों से शराब लेकर बिहार में महंगे दाम पर बेचते हैं। चौसा चेक पोस्ट प्रभारी दिलीप कुमार सिंह ने बताया कि बाइक को सीज कर दोनों युवकों का चालान कर जेल भेज दिया गया।