रेवतीपुर थाना क्षेत्र के उतरौली गांव स्थित बड़ी नहर में रविवार की दोपहर बाढ़ के पानी में स्नान कर रहे दो किशोरों की डूबकर मौत हो गई। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
त्रिलोकपुर निवासी विकास (15) और राकेश (16) दोनों अपने चार पांच अन्य दोस्तों के साथ साइकिल से रविवार को नहर में स्नान करने गये थे। इस दौरान दोनों डूबने लगे। दोनों को डूबता देखकर बगल के खेत में काम कर रहे ग्रामीणों दौड़कर किनारे पहुंचे और दोनों को बचाने की कोशिश करने लगे। लेकिन किशोरों के गहरे पानी में चले जाने की वजह से ग्रामीण उन्हें नहीं बचा सके । इधर घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीणों व प्रशासन में हड़कंप मच गया। मौके पर मौजूद स्थानीय ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद उनको बाहर निकाला। पुलिस दोनों को रेवतीपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गई। जहां चिकित्सकों ने हालत नाजुक देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जहां चिकित्सकों ने देखते ही मृत घोषित कर दिया।
मृतक विकास के पिता गुप्ता राम ने बताया कि उनका पुत्र कक्षा नौ का छात्र था। वह अपने दो भाई व चार बहनों में चौथे नंबर पर था। वहीं, गांव का ही एक अन्य राकेश राम पुत्र विजय राम हाईस्कूल का छात्र था। राकेश अपने दो भाई व एक बहन में मंझला था। इधर, घटना के बाद विकास की मां मीरा और राकेश की मां सरोज का रो- रोकर बुरा हाल है। थानाध्यक्ष प्रशांत चौधरी ने बताया कि दोनों के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।