शादियाबाद थाना क्षेत्र के यूसुफपुर खड़वा गांव के दक्षिण तरफ बेसो नदी के पास धान के खेत में तीन दिन मिले अधेड़ के मौत की गुत्थी पुलिस सुलझाने के करीब पहुंच चुकी है। इधर पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सिर के पीछे चोट लगने एवं मारपीटकर हत्या करने की बात पुष्ट हुई है। फिलहाल पुलिस दो संदिग्धों को उठाकर पूछताछ कर रही है। पुलिस हत्याकांड के पीछे पैसे के लेन-देन को प्रमुख कारण मान रही है, वहीं हत्यारोपी तक जल्द पहुंचने का भी दावा कर रही है।
मालूूम हो कि चौरा गांव निवासी शिवचरन राम (45) बीते 19 सितंबर की देर शाम मोबाइल घर छोड़कर गांव के बाहर खेत के तरफ गया था। देर रात वह जब घर नहीं लौटा परिवार के लोग उसकी तलाश के लिए निकले। काफी खोजबीन के बाद भी उसका कुछ पता नहीं चला तो घर पर ही रातभर इंतजार करते रहे। दूसरे दिन बीते 20 सितंबर को यूूसुफपुर खड़वा गांव के दक्षिण तरफ बेसो नदी के किनारे धान की खेत में उसका शव मिला। घटना स्थल का घंटों निरीक्षण करने के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था।
इधर मृतक की पत्नी प्रमिला देवी ने पुलिस को बताया था कि कुछ माह पहले लेन-देन के मामले में पति को कुछ लोग आए और उठाकर लेकर चले गए थे। पैसा वापस नहीं देने पर जान से मारने की धमकी भी दी थी। इधर पुलिस छानबीन में जुटी थी कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी मारपीटकर हत्या की बात पुष्ट होने के बाद दो संदिग्धों को उठाकर पूछताछ कर रही है।
इस संबंध में एसपी सिटी गोपीनाथ सोनी ने बताया कि मृतक के सिर के पीछे चोट के निशान रिपोर्ट में मिला है। मृतक की हत्याकर शव फेंका गया था। हत्यारोपी तक पुलिस पहुंच चुकी है। एक से दो दिन के अंदर हत्याकांड का खुलासा हो जाएगा।