कासिमाबाद। कोतवाली से मात्र तीन सौ मीटर की दूरी पर विद्युत उपकेंद्र के सामने मंगलवार के रात चोरों ने दो दुकान का ताला चटका कर हजारों रुपये का सामान सहित कुछ नगदी पर हाथ साफ कर दिया। बुधवार की सुबह लोगों को घटना की जानकारी हुई। सूचना पर पहुंची पुलिस छानबीन कर वापस चली गई।
कोतवाली से तीन सौ मीटर की दूरी पर विद्युत केंद्र के सामने क्षेत्र के मुहम्मदपुर कुसुम गांव निवासी शिव शंकर मुन्ना का बाइक रिपेयरिंग का वर्कशॉप है। शाम को दुकान बंद कर घर चले गए थे। बुधवार को जब दुकान पर पहुंचे तो दुकान का ताला टूटा हुआ था और काउंटर में रखा एक हजार 200 रुपये नगद और बाइक के पुराने पार्ट्स गायब थे। सटे शेखनपुर गांव निवासी संतोष विश्वकर्मा का फर्नीचर की दुकान है। संतोष विश्वकर्मा ने बताया कि दुकान का ताला टूटा हुआ था और दुकान में रखा कटर मशीन दो पीस, मशीन एक पीस ,राउटर मशीन एक पीस, वाइस मशीन एक पीस कुल मिलाकर चालीस हजार रुपये के सामान पर हाथ साफ कर दिया। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक महेंद्र सिंह यादव ने बताया कि सूचना मिली है। छानबीन की जा रही है।