क्षेत्र के गैवीपुर स्थित गौतम स्पोर्ट्स एकेडमी में बुधवार को डिस्ट्रिक्ट बॉक्सिंग टीम का चयन हुआ। गाजीपुर डिस्ट्रिक्ट एमेच्योर बॉक्सिंग एसोसिएशन के तत्वावधान में यहां सीनियर आयु वर्ग के विभिन्न भार वर्ग में कुल छह खिलाड़ी चयनित हुए। इसमें दिलदारनगर के वसीम बॉक्सिंग ट्रेनिंग स्कूल के आमिर हंजला का 57 और ध्रुव गुप्ता का 80 किग्रा में चयन हुआ। जबकि गोराबाजार के नेहरू स्टेडियम के नितीश पांडेय और ऋषभ यादव क्रमश: 75 एवं 63.500 किलोग्राम में चयनित हुए। गैवीपुर स्थित गौतम स्पोर्ट्स एकेडमी के मुनीब यादव और संयम बरनवाल को 60 एवं 71 किग्रा में चयनित किया गया। मुख्य चयनकर्ता दिलीप कुमार सिंह (सचिव) ने सभी खिलाड़ियों के दस्तावेजों एवं भार माप की जांच की। इस दौरान गाजीपुर डिस्ट्रिक्ट एमेच्योर बॉक्सिंग एसोसिएशन के अध्यक्ष अमित कुमार सिंह ने बताया कि कर्नाटक के बेल्लारी जिले में 15 से 21 सितंबर तक आयोजित होने वाली पांचवीं राष्ट्रीय सीनियर पुरुष बाक्सिंग प्रतियोगिता के लिए यूपी टीम का चयन झांसी के मेजर ध्यानचंद क्रीड़ा संकुल में छह और सात सितंबर को होगा। इसमें जिला टीम के उक्त खिलाड़ी प्रतिभाग करेंगे। इस अवसर पर जिला मुक्केबाजी संघ के उपाध्यक्ष वसीम अहमद, संयुक्त सचिव जयहिंद यादव, विपुल कुशवाहा, अनिल यादव, डबलू कुमार, शुभम मिश्रा आदि उपस्थित थे।