शहर कोतवाली के टेड़वा मुहल्ला स्थित वेल्डिंग दुकान में लगे कारबाइड टंकी फटने से दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। आस-पास के लोगों ने दोनों घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर एक युवक को डॉक्टरों ने वाराणसी रेफर कर दिया। फिलहाल पुलिस मामले की छानबीन में जुटी हुई है।
नोनहरा थाना क्षेत्र के रानीपुर गांव निवासी कौशल (25) टेड़वा स्थित वेल्डिंग की दुकान पर काम करते हैं। सुबह वह दुकान खोलकर बैठे थे। इसी दौरान एक युवक वेल्डिंग कराने के लिए दुकान पर पहुंचा। कौशल ने दुकान की साफ-सफाई करने के बाद वेल्डिंग करने के लिए जैसे ही माचिस जलाई कारबाइड की टंकी में आग लग गई और वह तेज धमाके के साथ फट गया।
इससे दुकान के ऊपर लगा करकट उड़ गया। वहीं कौशल और जावेद घायल होकर जमीन पर गिर पड़े। आवाज सुनकर आस-पास के लोग घटना स्थल पर पहुंच गए। उन्होंने दोनों घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल लाया। जहां प्राथमिक उपचार करने के बाद डॉक्टरों ने कौशल की हालत गंभीर होने पर वाराणसी रेफर कर दिया।
लोगों में चर्चा बनी हुई थी कि गैस वेल्डिंग की अधिकांश दुकानों की यही हालत हैं। सुरक्षा के कोई उपाय न होने से इस तरह की घटनाएं हो रही हैं। संयोग रहा कि ऑक्सीजन सिलेंडर नहीं फटा नहीं तो किसी बड़ी घटना से इंकार नहीं किया जा सकता है। फिलहाल पुलिस मामले की छानबीन में जुटी हुई है।