पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे से मृतक मनोज यादव की क्षतिग्रस्त मोटरसाइकिल को हटाता पुलिसकर्मी। संवाद
मरदह/करंडा। थाना क्षेत्र के हैदरगंज गांव के सामने पूर्वांचल एक्सप्रेस- वे पर रविवार की देर शाम करीब 7.12 बजे अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई। थानाध्यक्ष तारावती यादव ने बताया कि मृतक की शिनाख्त आजमगढ़ जनपद के संजरपुर थाना के फरीदूनपुर गांव निवासी मनोज यादव के रूप में हुई है। शव को मॉर्च्यूरी हाउस में रखवाकर घटना की जानकारी परिजनों को दी गई है। परिजनों के आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई होगी। करंडा : थाना क्षेत्र के धरम्मरपुर में सड़क किनारे खेल रहे बालक अर्पित यादव(4) पुत्र संजय यादव की अज्ञात वाहन के चपेट में आने से मौत हो गयी। संजय यादव का घर सड़क किनारे है। बालक दरवाजे पर खेल रहा था अचानक वह सड़क पर चला गया जहां किसी अज्ञात वाहन की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। सिर में लगी गम्भीर चोट को देखते हुए स्वजन उसे स्थानीय स्तर पर दिखाने के बाद जिला अस्पताल लाए। जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद मृत घोषित कर दिया। मृतक दो भाई व दो बहन में तीसरे नंबर पर था। पुलिस ने शव को लेकर आवश्यक कार्रवाई करते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।