1200 उपभोक्ता होंगे लाभान्वित , लोड कम होने से बढ़ेगी सुविधा
पुलिस लाइन के पास 80 प्रतिशत तो लालदरवाजा के पास 30 प्रतिशत फीडर का कार्य पूरा
संवाद न्यूज एजेंसी
गाजीपुर। शहर में दो नए फीडर स्थापित करने का कार्य जोरों पर चल रहा है, जिससे निर्बाध गति से विद्युत आपूर्ति की जा सके। पुलिस लाइन और लालदरवाजा के पास बन रहे इन फीडरों से करीब 1200 उपभोक्ता लाभान्वित होंगे। करीब 85 लाख रुपये से बन रहे इन दोनों फीडरों में एक का 80 प्रतिशत तो दूसरे का 30 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है।
बीते दिनों प्रचंड गर्मी में उपभोक्ताओं को राहत नहीं मिल पा रही थी। अधिक लोड होने के कारण ट्रिपिंग और बार-बार आपूर्ति बाधित होने साथ लो वोल्टेज की समस्या बनी हुई थी। ऐसे में उपभोक्ताओं को राहत देने के लिए बिजली विभाग की ओर से पुलिस लाइन के पास 41 लाख रुपये से नए फीडर स्थापित किया जा रहा है।
यहां करीब 80 प्रतिशत कार्य पूरा हो गया है, जो जुलाई माह तक शुरू होने की पूरी उम्मीद जताई जा रही है। इससे कांशीराम आवास में विद्युत आपूर्ति होगी, जिससे करीब 400 उपभोक्ता लाभान्वित होंगे। वहीं लालदरवाजा से ददरी घाट को अलग कर स्थापित कराए जा रहे 44 लाख के नए फीडर से जोड़ा जाएगा।
इससे संचालित होने से करीब 800 उपभोक्ता लाभान्वित होंगे। हालांकि इस फीडर का कार्य अभी तक 30 प्रतिशत ही पूरा हुआ। इसके संचालन में दो माह तक का समय लग सकता है। इन दोनों फीडरों के संचालित होने से विद्युत उपभोक्ताओं को लो- वोल्टेज और ट्रिपिंग की समस्या से निजात मिलेगी।
00000000
स्थापित हो रहे दोनों फीडरों के संचालन से लोड कम हो जाएगा। गर्मी के समय अधिक लोड बढ़ने के कारण उपभोक्ताओं की समस्या बढ़ जाती थी। इन नए फीडरों के संचालन से काफी सहूलियत होगी।- राकेश मोहन, अधीक्षण अभियंता
0000000
इनसेट
प्रकाश नगर में हो जाएंगे नौ फीडर
गाजीपुर। प्रकाश नगर में वर्तमान समय में सात फीडर हैं। स्थापित हो रहे दो नए फीडरों के पूर्ण हो जाने के बाद संख्या नौ पहुंच जाएगी। इन नए फीडरों में अलग- अलग ट्राली लगाई जाएगी। इन नए फीडरों को पूर्ण करने के लिए विद्युत विभाग की ओर से लगातार कार्य किया जा रहा है, जिससे उपभोक्ताओं को विद्युत आपूर्ति की बेहतर सुविधा मुहैया कराई जा सके।