भांवरकोल। क्षेत्र के खरडिया गांव में शुक्रवार की शाम खेत में धान की रोपाई करते समय दो मजदूरों की बिजली गिरने से मौत हो गई जबकि एक गंभीर रूप से झुलस गया। झुलसे मजदूर को मुहम्मदाबाद सीएचसी लाया गया, जहां से डॉक्टरों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। खरडिहा गांव निवासी प्रकाश राम (42), कन्हैया राम (55) और हीरा राम (46) अन्य मजदूरों के साथ खेत में धान की रोपाई कर रहे थे। शाम करीब 4:15 बजे मूसलाधार बारिश के साथ होने लगी। खेत से काम कर रहे मजदूर गांव की तरफ सुरक्षित स्थान पर जाने लगे। प्रकाश राम और कन्हैया राम खेत के पास स्थित एक पेड़ के नीचे खड़े हो गए, जबकि हीरा राम भी पेड़ की ओर जाने लगे। इसी बीच तेज आवाज के साथ बिजली गिरी, जिससे प्रकाश राम और कन्हैया राम की मौके पर ही मौत हो गई जबकि हीरा राम गंभीर रूप से झुलस गया। घटना के बाद ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, गंभीर रूप से झुलसे हीराराम को सीएचसी मुहम्मदाबाद पहुंचाया। थानाध्यक्ष सत्येंद्र राय ने बताया कि दोनों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए हैं जबकि गंभीर रूप से झुलसे हीराराम को सीएचसी ले जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है।