आईएएस की तैयारी करने की थी योजना, भेजी गईं नारी निकेतन
संवाद न्यूज एजेंसी
कासिमाबाद (गाजीपुर)। पुलिस ने तीन जुलाई को घर से कॉलेज जाने के बहाने गायब दो छात्राओं को शनिवार की देर शाम मऊ रेलवे स्टेशन से बरामद कर लिया। पूछताछ के बाद दोनों छात्राओं को नारी निकेतन भेज दिया है। पुलिस के मुताबिक, दोनों क्रिप्टो करेंसी के व्यवसाय के चक्कर में जम्मू-कश्मीर चली गई थीं।
कासिमाबाद कोतवाली क्षेत्र की दो बीएससी की दो छात्राएं तीन जुलाई की सुबह कॉलेज जाने के लिए घर से निकली थीं, लेकिन दोनों कॉलेज न जाकर ट्रेन से जम्मू कश्मीर पहुंच गई। देर शाम को घर नहीं पहुंचने पर दोनों के परिजन परेशान हो गए और कासिमाबाद कोतवाली में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने दोनों के मोबाइल फोन को सर्विलांस पर लगाया तो तीन दिन बाद इनकी लोकेशन जम्मू-कश्मीर मिली।
आधार कार्ड घर पर भूल जाने के कारण दोनों को वहां रहने के लिए जगह नहीं मिल पा रही थी। इधर, स्थानीय पुलिस ने जम्मू कश्मीर पुलिस से संपर्क किया। इसके बाद वहां की पुलिस ने दोनों छात्राओं को घर जाने के लिए ट्रेन पर बैठा दिया। स्थानीय पुलिस दोनों छात्राओं के मोबाइल फोन से लोकेशन ट्रेस करती रही ।
शनिवार की सुबह दोनों की लोकेशन प्रयागराज रेलवे स्टेशन पर मिली। लोकेशन के आधार पर पुलिस ने देर शाम को मऊ रेलवे स्टेशन से दोनों को बरामद कर लिया। दोनों को नारी निकेतन भेज दिया गया। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक शिव प्रताप वर्मा ने बताया कि दोनों क्रिप्टो करेंसी के व्यवसाय के चक्कर में जम्मू-कश्मीर चली गई थीं।
वहां के व्यवसायियों के संपर्क में रहने के कारण इस धंधे में पिछले दो माह से लगी थीं। दोनों छात्राओं ने बताया कि घर की आर्थिक स्थिति ठीक न होने के कारण उनकी आईएएस की तैयारी करने की योजना थी।