गाजीपुर। महिला सहायता प्रकोष्ठ/परिवार परामर्श केंद्र की ओर से पुलिस लाइन में रविवार को पति-पत्नी के विवाद से संबंधित 16 मामलों को सुना गया। इसमें दो परिवारों की विदाई कराई गई। पुलिस अधीक्षक डा. ईरज राजा के निर्देश में पुलिस लाइन परिसर में महिला सहायता प्रकोष्ठ/परिवार परामर्श केंद्र की ओर से पति-पत्नी के विवाद से संबंधित 16 मामले प्रस्तुत किए गए। इसमें काफी समय से विवादित चल रहे दो मामलों में दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर विदाई कराई गई। पांच मामले में दोनों पक्षों के अनुपस्थित रहने के कारण उनकी पत्रावली बंद कर दी गई। तीन मामले में मध्यस्थता विफल होने से विधिक कार्रवाई का सुझाव देते हुए पत्रावली बंद कर दी गई। दो पारिवारिक विवाद में कुशलता प्रकट होने के बाद पत्रावली बंद की गई। शेष पारिवारिक विवाद में मध्यस्थता न होने से अगली तिथि निर्धारित की गई। इन सभी प्रकरण के निस्तारण में विक्रमादित्य मिश्र, वीरेंद्रनाथ राम, कमरुद्दीन महिला सहायता प्रकोष्ठ प्रभारी शशि सिंह, महिला आरक्षी रागिनी चौबे, महिला आरक्षी अभिलाषा, आरक्षी शिव शंकर यादव आदि मौजूद थे।