पीजी कॉलेज के परिसर में विश्वविद्यालय की स्थापना के लिए ट्विटर अभियान शुरू किया गया। इस दौरान गाजीपुर मांगे यूनिवर्सिटी स्लोगन से छात्रों ने रविवार को अभियान की शुरूआत सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती पर उनको श्रद्धासुमन अर्पित करने के साथ की। अभियान में छात्रों ने एकजुटता दिखाई। राष्ट्रीय एकता दिवस के मौके पर गाजीपुर का सपना विश्वविद्यालय हो अपना #gzp_needs_university लिखकर प्रदेश सरकार को टैग करना शुरू किया। अभियान के संचालक पूर्व छात्रसंघ उपाध्यक्ष दीपक उपाध्याय ने बताया कि शाम चार बजे तक चालीस हजार से अधिक की संख्या में ट्विटर पर गाजीपुर मांगे यूनिवर्सिटी ट्वीट हुआ है। परिसर में उपस्थित पीजी कॉलेज, स्वामी सहजानंद पीजी कॉलेज एवं हिंदू पीजी कॉलेज के छात्र नेताओं एवं छात्रों ने संकल्प लिया की जब तक यूनिवर्सिटी की घोषणा नहीं हो जाती तब तक यह संघर्ष जारी रहेगा। इस मौके पर तीनों महाविद्यालयों पीजी कॉलेज, स्वामी सहजानंद एवं हिंदू पीजी कॉलेज के छात्रसंघ पदाधिकारी एवं छात्र मौजूद रहें।