संवाद न्यूज एजेंसी
गाजीपुर/मुहम्मदाबाद। होली के मद्देनजर खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की ओर से मिलावटखोरों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। शनिवार को दो टीमों ने मुहम्मदाबाद एवं कासिमाबाद तहसील क्षेत्र में विभिन्न खाद्य पदार्थों के आठ नमूने लिए। इस दौरान बीस टिन तेल जहां सीज किया वहीं 30 किग्रा खोवा नष्ट कराया गया। मुहम्मदाबाद की उपजिलाधिकारी डा. हर्षिता तिवारी के नेतृत्व में विभाग की टीम ने तहसील क्षेत्र में पांच खाद्य पदार्थों के नमूने लिए। एक रिफाइंड राइस ब्रान तेल का नमूना लिया जबकि 20 टिन सीज किया। इसके साथ ही एक वनस्पति, एक रिफाइंड तथा खोवा का दो नमूना लिया। टीम ने 30 किग्रा खोवा नष्ट करा दिया। जांच अभियान में विभाग के मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी आरपी सिंह, खाद्य सुरक्षा अधिकारी गोपालचंद, श्रीराम यादव, अवधेश कुमार शामिल थे।
उधर एसडीएम कासिमाबाद के निर्देश पर टीम ने क्षेत्र में रंगीन कचरी, काला जाम तथा बेसन का नमूना लिया। टीम ने 36 सौ रुपये मूल्य की 60 किग्रा रंगीन कचरी सीज कर दी। जांच टीम में श्रीराम यादव, राजीव कुमार, विरेंद्र यादव शामिल थे। सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन अजीत कुमार मिश्र ने बताया कि रंगीन कचरी एवं पापड़ आदि की बिक्री न करें। जांच के दौरान रंगीन कचरी, पापड़ बेचते पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी। अभियान आगे जारी रहेगा।