नंदगंज। गाजीपुर-वाराणसी मार्ग पर नंदगंज क्षेत्र के अतरसुवा गांव के पास सोमवार की देर रात सड़क हादसे में बाइक सवार नलकूप आपरेटर की मौत हो गई और दो लोग घायल हो गए। डॉक्टरों ने एक घायल की हालत गंभीर होने पर वाराणसी रेफर कर दिया। सिहोरी गांव निवासी उस्मान खान (45) सोमवार की रात बाजार गया था और वहां से पैदल घर वापस लौट रहा था। इधर नोनहरा थाना क्षेत्र के साथीपुर गांव निवासी सुरेंद्र राम (47) अपने मित्र नेवादा गांव निवासी प्रमोद कुमार (30) के साथ वाराणसी से बाइक से घर जा रहे थे। वह अपने बच्चे अमित कुमार को वाराणसी स्थित एक विद्यालय में छोड़ने गए थे। अतरसुवा गांव के पास गाजीपुर-वाराणसी मार्ग पर ओवरब्रिज पार कर रहे उस्मान खान बाइक की चपेट में आ गया। इस घटना में बाइक अनियंत्रित हो गई और बाइक सवार सुरेंद्र राम और प्रमोद कुमार भी सड़क पर गिर पड़े। हादसे के बाद घटना स्थल पर ग्रामीणों की भीड़ लग गई। उन्होंने तीनों घायलों को उपचार के लिए एंबुलेंस से जिला अस्पताल भेज दिया। अस्पताल जाते समय सुरेंद्र राम ने रास्ते मे ही दम तोड़ दिया जबकि उस्मान खान का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है। वहीं प्रमोद कुमार की हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने ट्रामा सेंटर वाराणसी रेफर कर दिया। मृतक सुरेंद्र राम नलकूप विभाग में ऑपरेटर के पद पर तैनात थे। हादसे की जानकारी होने पर सुरेंद्र राम की पत्नी शीला देवी और परिवार के अन्य सदस्य बिलखने लगे। थानाध्यक्ष सत्येंद्र राय ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।